नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। सुजानगंज के ग्राम पंचायत बखोपुर की मुख्य सड़क लंबे समय से खराब होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हैं और कई हिस्सों में रास्ता टूट चुका है। इससे पैदल राहगीरों के साथ दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी दिक्कत होती है।
बारिश के दिनों में स्थिति और खराब हो जाती है। सड़क पर पानी जमा होने से रास्ते में कीचड़ हो जाता है। इससे ग्रामीणों का आवागमन मुश्किल हो जाता है और वाहन चालकों को भी संभलकर गुजरना पड़ता है।
क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) जयप्रकाश मिश्रा ने बताया कि यह सड़क गांव के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। बड़ी संख्या में ग्रामीण इसी रास्ते से आते-जाते हैं। उनके अनुसार करीब सात वर्षों से सड़क की स्थिति खराब है। कई बार अधिकारियों से सड़क की मरम्मत और निर्माण कराने की मांग की गई, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ।
उन्होंने बताया कि खराब सड़क का सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों और मरीजों पर पड़ रहा है। बच्चों को रोज इसी रास्ते से स्कूल जाना पड़ता है। वहीं, गांव में किसी व्यक्ति के बीमार होने पर उसे अस्पताल ले जाने में भी परेशानी होती है। बरसात में सड़क पर पानी भर जाने से समस्या और बढ़ जाती है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह केवल संपर्क मार्ग नहीं, बल्कि गांव के लोगों के लिए मुख्य आवागमन का रास्ता है। सड़क खराब होने से लोगों को समय और मेहनत दोनों खर्च करने पड़ रहे हैं। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से सड़क का निरीक्षण कर जल्द मरम्मत या निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है। बीडीसी जयप्रकाश मिश्रा ने भी अधिकारियों से ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और मरीजों की परेशानी को देखते हुए सड़क का निर्माण कराने की मांग की है।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: सरौनी पश्चिम पट्टी में बदहाल सड़क से राहगीर परेशान, जगह-जगह टूट गया रास्ता
नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें और Join करें Naya Savera Network का WhatsApp Channel

