नया सवेरा नेटवर्क
Jaunpur News: जनपद के अहमदपुर निवासी प्रीति यादव ने अपनी मेहनत, लगन और उत्तर प्रदेश सरकार की सीएम युवा उद्यमी योजना का लाभ उठाकर आत्मनिर्भरता की नई मिसाल कायम की है। उच्च शिक्षा पूरी करने के बाद प्रीति ने ब्यूटी पार्लर का प्रशिक्षण प्राप्त किया और अपना व्यवसाय शुरू करने का सपना देखा।
प्रीति बताती हैं कि उन्हें समाचार पत्र के माध्यम से सीएम युवा उद्यमी योजना के बारे में जानकारी मिली। योजना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने जिला उद्योग कार्यालय से संपर्क किया और आवश्यक प्रक्रिया पूरी की। इसके पश्चात उन्हें ग्रामीण बैंक, गंगापट्टी-अहमदपुर के माध्यम से ₹5 लाख का ऋण प्राप्त हुआ।
ऋण की धनराशि का सदुपयोग करते हुए प्रीति ने अपना ब्यूटी पार्लर व्यवसाय शुरू किया। आज उनका व्यवसाय अच्छी तरह संचालित हो रहा है और उन्हें इससे नियमित रूप से अच्छी आमदनी प्राप्त हो रही है। इतना ही नहीं, प्रीति ने अपने साथ दो अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध कराया है।
प्रीति का कहना है कि सरकार की इस योजना ने उनके सपनों को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। योजना के माध्यम से आर्थिक सहयोग मिलने से उन्हें अपना व्यवसाय शुरू करने का अवसर मिला और आज वह स्वयं आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ दूसरों को भी रोजगार देने में सक्षम हैं।
वह कहती हैं कि “सीएम युवा उद्यमी योजना मेरे लिए आत्मनिर्भर बनने का माध्यम बनी। सरकार की इस योजना से मुझे अपना व्यवसाय शुरू करने का अवसर मिला। मैं इस योजना के लिए माननीय प्रधानमंत्री जी एवं माननीय मुख्यमंत्री जी का हृदय से धन्यवाद करती हूं।
यह भी पढ़ें | Mumbai News: वरिष्ठ पत्रकार श्रीनारायण तिवारी को मिलेगा आज का कर्मवीर अवार्ड
नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें और Join करें Naya Savera Network का WhatsApp Channel
