कूड़ा उठाकर आरआरसी पहुंचाया, जैविक खाद बनाने की प्रक्रिया शुरू
जौनपुर। सेवा संकल्प अभियान और स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान के तहत जिले की ग्राम पंचायतों में शनिवार को व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत गांवों में स्वच्छता गतिविधियों को गति दी जा रही है। अभियान के दौरान ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया गया।
कूड़ा स्थल चिन्हित कर कराई सफाई
जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि ग्राम पंचायतों में ऐसे स्थानों को चिन्हित किया गया, जहां बड़ी मात्रा में कूड़ा फेंका जाता है। चिन्हित स्थानों पर साफ-सफाई कराई गई। इसके साथ ही विभिन्न स्थानों से एकत्रित कूड़े को उठाकर रिसोर्स रिकवरी सेंटर (आरआरसी) पहुंचाया गया।
कचरे का पृथक्करण कर खाद बनाई
आरआरसी पर पहुंचाए गए कूड़े का पृथक्करण किया गया। जैविक कचरे से जैविक खाद तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की गई। वहीं, गोबर से वर्मी कम्पोस्ट बनाए जाने की प्रक्रिया भी की गई। इस पहल का उद्देश्य कचरे का उचित प्रबंधन करने के साथ गांवों को स्वच्छ एवं बेहतर बनाना है।
श्रमदान से स्वच्छता का दिया संदेश
ग्राम पंचायतों में वृहद स्तर पर श्रमदान कर सफाई अभियान चलाया गया। ग्रामीणों और संबंधित कर्मचारियों ने स्वच्छता गतिविधियों में भाग लिया। इसके अलावा जन चौपाल आयोजित कर लोगों को साफ-सफाई रखने, कूड़े का उचित निस्तारण करने और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के प्रति जागरूक किया गया।