बच्चों के वजन और लंबाई की हुई जांच, स्वस्थ बच्चों को किया गया पुरस्कृत
नया सवेरा नेटवर्क
खेतासराय जौनपुर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को क्षेत्र के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर आंगन मिलन सेवा के तहत हेल्दी बेबी शो का आयोजन किया गया। विकासखंड शाहगंज सोंधी के लपरी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर आयोजित कार्यक्रम में बच्चों के वजन एवं लंबाई की जांच कर स्वास्थ्य की स्क्रीनिंग की गई। स्वस्थ पाए गए बच्चों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान का चयन कर उन्हें पुरस्कृत किया गया। बच्चों को फल का भी वितरण किया गया। उक्त ब्लाक के लपरी आंगनबाड़ी केंद्र पर भाजपा के जिला महामंत्री अजय सिंह की मौजूदगी में सीडीपीओ शाहगंज राजेश यादव की ओर से हेल्दी बेबी शो कराया गया। कार्यक्रम में बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण को लेकर अभिभावकों को जागरूक किया गया। उन्हें बच्चों की नियमित देखभाल, पोषण पर विशेष ध्यान देने तथा समय से टीकाकरण कराने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला महामंत्री अजय सिंह ने कहा कि बच्चों का स्वस्थ रहना परिवार और समाज दोनों के लिए जरूरी है। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों के स्वास्थ्य व पोषण की नियमित निगरानी सराहनीय पहल है। अभिभावकों को भी बच्चों के खानपान, स्वच्छता और टीकाकरण को लेकर जागरूक रहना चाहिए।
सीडीपीओ राजेश यादव ने कहा कि हेल्दी बेबी शो का उद्देश्य बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति अभिभावकों में जागरूकता बढ़ाना है। इस मौके पर ग्राम प्रधान इरफान अंसारी, सुपरवाइजर अनीता देवी, विनीता साहू, मधुलता गौतम, गायत्री देवी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: मड़ियाहूं में लीलावती कुशवाहा ने सरकार पर साधा निशाना, 2027 को लेकर किया सपा की जीत का दावा
नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें और Join करें Naya Savera Network का WhatsApp Channel