खुटहन, जौनपुर। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में सोमवार को पटैला रामलीला मैदान से बनहरा स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तक भाजपा कार्यकर्ताओं ने करीब दो किलोमीटर तिरंगा यात्रा निकाली। विधायक रमेश सिंह के नेतृत्व में निकली यात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता के जयकारे लगाए। इससे पूरा मार्ग देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।
यात्रा के समापन पर विधायक रमेश सिंह ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। यह हमें स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के त्याग, बलिदान और संघर्ष की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को निभाने की जिम्मेदारी भी है। सभी लोगों को देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए मिलकर काम करना चाहिए। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
इस दौरान ब्लाक प्रमुख बृजेश यादव, किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष नरेंद्र उपाध्याय, पूर्व मंडल अध्यक्ष वंशबहादुर पाल, पप्पू सिंह, एडवोकेट प्रदीप यादव, रंगीले विश्वकर्मा, शशांक तिवारी, राजू सिंह,सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)