हर घर तिरंगा अभियान के तहत नगर में निकाली भव्य तिरंगा यात्रा
कलेक्ट्रेट स्थित शहीद स्तंभ पर 80 वाँ स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त 2026: लाल किले से अमेरिका में इंडिया डे तक दी शहीदों को श्रद्धांजलि
जौनपुर। हर घर तिरंगा अभियान के अन्तर्गत देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को सद्भावना पुल से कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विकास भवन शहीद स्तंभ तक भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह प्रिंशु नगरपालिका अध्यक्ष मनोरमा मौर्य, जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया सहित जनपद के अधिकारी जनप्रतिनिधि पुलिस अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं, युवा, स्वयंसेवक, पूर्व सैनिक, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, ‘माय भारत’ वालंटियर्स, अधिवक्ता, पत्रकार एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल हुए। रैली से पूर्व सद्भावना पुल पर विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, युवाओं एवं वालंटियर्स द्वारा ‘हर घर तिरंगा’ मानव श्रृंखला बनाकर आकर्षक आकृति बनाई गई। रैली का शुभारंभ सामूहिक रूप से वंदे मातरम् के गायन के साथ हुआ। सद्भावना पुल से प्रारंभ हुई तिरंगा रैली निर्धारित मार्ग से होते हुए कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विकास भवन के पास शहीद स्तंभ तक पहुंची। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों द्वारा देशभक्ति के नारों एवं हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रप्रेम, एकता और अखंडता का संदेश दिया गया। रैली में छात्र-छात्राओं एवं युवाओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। रैली के कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचने के उपरांत विकास भवन के सामने स्थित शहीद क्रांति स्तंभ पर माल्यार्पण किया गया। इस अवसर पर राज्यमंत्री ने कहा कि 9 अगस्त क्रांति दिवस से 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस तक विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों को नमन किया जा रहा है। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य उन वीर सपूतों के त्याग, तपस्या, वीरता एवं बलिदान को स्मरण करना है, जिनके कारण देश को स्वतंत्रता प्राप्त हुई। उन्होंने कहा कि हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष के कारण ही आज देश को संविधान, नागरिक अधिकार एवं अपने कर्तव्यों की जानकारी प्राप्त हुई है।
विधान परिषद सदस्य श्री प्रिंशु ने कहा कि तिरंगा हमारी संप्रभुता, स्वतंत्रता, गौरव और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। इसे किसी भी दलीय भावना, जाति, धर्म, पंथ अथवा मजहब से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने जनपदवासियों से 15 अगस्त को अपने-अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने की अपील की। जिलाधिकारी ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा अभियान’ केवल राष्ट्रीय ध्वज फहराने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता, गौरव एवं कर्तव्यबोध की भावना को मजबूत करने का अभियान है। मुख्य विकास अधिकारी ने तिरंगा रैली के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले समस्त नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।


.jpeg)
.jpeg)