मड़ियाहूं, जौनपुर। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के बुजुर्गा गांव निवासी 18 वर्षीय इरफान अली की रविवार को अमृत सरोवर में डूबने से मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के अनुसार इरफान अली रविवार को सेउर गांव स्थित अमृत सरोवर में नहाने के लिए गया था। स्नान के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। सरोवर में मौजूद अन्य लोगों ने उसे डूबता देख तत्काल पानी में छलांग लगाई और काफी प्रयास के बाद बाहर निकाला। गंभीर अवस्था में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़ियाहूं पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मड़ियाहूं कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इरफान दो भाइयों में छोटा था। उसके पिता और बड़ा भाई रोजी-रोटी के सिलसिले में पंजाब में रहते हैं। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। गांव में भी मातम का माहौल है। प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए विधिक कार्यवाही की जा रही है।

