मड़ियाहूं, जौनपुर। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के शिवपुर बाईपास स्थित रानीपुर गांव के पास रविवार सुबह हाईवे किनारे एक अज्ञात युवती का शव उम्र लगभग 22 वर्ष के आसपास मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव को काले रंग की पॉलिथीन में पैक कर सड़क किनारे फेंका गया था। युवती के दोनों हाथ और दोनों पैर शरीर से गायब थे। रविवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों की नजर सड़क किनारे पड़ी संदिग्ध पॉलिथीन पर पड़ी। पास जाकर देखने पर उसमें युवती का शव मिला।
सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं विजय कुमार चौधरी, प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए, इसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि युवती की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को यहां लाकर फेंक दिया गया। शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।

