जौनपुर। एसएस पब्लिक स्कूल, सिद्दीकपुर में शुक्रवार को वन महोत्सव अभियान के अंतर्गत विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वन क्षेत्राधिकारी शालिनी चौरसिया ने छात्रों को वन संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि शालिनी चौरसिया तथा विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती सीमा सिंह ने मां सरस्वती एवं बाबूजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। इसके उपरांत प्रधानाचार्या ने मुख्य अतिथि को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रैली, नाटक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से वृक्षों के महत्व और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। मुख्य अतिथि शालिनी चौरसिया ने वन संरक्षण से जुड़े नियमों की जानकारी देते हुए वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यालय की प्रधानाचार्या एवं छात्र-छात्राओं को पौधे भेंट कर अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्या श्रीमती सीमा सिंह ने छात्रों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई तथा सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया। विद्यालय के निदेशक विश्वतोष नारायण सिंह के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



