जौनपुर। नीट पेपर लीक मामले को लेकर अधिवक्ताओं ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष घनश्याम सिंह के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया। दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे विरोध प्रदर्शन के समर्थन में अधिवक्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग बुलंद किया। प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि नीट पेपर लीक मामले ने देश के लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देने की मांग की। युवाओं के अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे सोनम वांगचुक की मांगों को भी सरकार से शीघ्र स्वीकार करने की अपील की। अधिवक्ताओं ने कलेक्ट्रेट में चक्रमण कर न्यायिक कार्यो का बहिष्कार भी किया।
बार एसोसिएशन के निर्णय के अनुसार सभी अधिवक्ता पूरे दिन न्यायिक कार्य से विरत रहे। प्रदर्शन से पहले मंगलवार दोपहर 12 बजे कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के सभागार में अधिवक्ताओं की आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिवक्ताओं ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ पुलिस प्रशासन द्वारा किए गए लाठीचार्ज पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया। अध्यक्षता अध्यक्ष घनश्याम सिंह एडवोकेट तथा संचालन महामंत्री मनोज कुमार मिश्र एडवोकेट ने किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद थे।

%20%F0%9F%94%AC%20Scien.jpg)