Jaunpur News : संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान का शुभारंभ, निकाली गई जागरूकता रैली

Technical Team


जौनपुर। जनपद में संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान का बुधवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम ने टीबी चिकित्सालय परिसर से शुभारंभ किया। इस अवसर पर संचारी रोगों की रोकथाम की शपथ दिलाई गई तथा अंतर्विभागीय जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

रैली टीबी चिकित्सालय परिसर से शुरू होकर गांधी तिराहा तक गई और पुनः अस्पताल परिसर में आकर संपन्न हुई। रैली में स्वास्थ्य विभाग, नगर पालिका परिषद, शिक्षा विभाग, कृषि विभाग, पशुपालन विभाग, सूचना विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं स्वयंसेवियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूकता संबंधी नारे लगाए, ऑडियो संदेशों के माध्यम से माइकिंग की तथा आमजन में पोस्टर एवं पंपलेट वितरित किए।


मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम ने बताया कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान 1 से 31 जुलाई 2026 तक चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत साफ-सफाई, जल निकासी, झाड़ियों की कटाई, कूड़ा निस्तारण, हैंडपंपों की मरम्मत, फॉगिंग, एंटी लार्वा रसायनों का छिड़काव तथा विभिन्न विभागों के समन्वय से जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्कूलों में गोष्ठियां, रैलियां और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर लोगों को संचारी रोगों से बचाव के उपाय बताए जाएंगे।


उन्होंने बताया कि दस्तक अभियान 11 से 31 जुलाई 2026 तक संचालित होगा। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग एवं बाल विकास विभाग की आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर बुखार, टीबी, कुष्ठ, मलेरिया, फाइलेरिया, कालाजार सहित अन्य लक्षणयुक्त मरीजों की पहचान कर उनकी जांच एवं उपचार सुनिश्चित कराएंगी।


रैली में जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. देवेंद्र कुमार सिंह, अधिशासी अधिकारी धर्मराज राय, उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. निशा, कृषि विभाग के डॉ. वी.पी. सिंह, वीबीडी नोडल अधिकारी डॉ. अरुण कुमार यादव, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी सुनील कुमार यादव, डीसीपीएम खुबैब रजा, अर्बन कॉर्डिनेटर प्रवीण पाठक, डॉ सुशील अग्रहरि, राजीव श्रीवास्तव, सलिल कुमार, सुरेंद्र निषाद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, नगर पालिका का सफाई दल तथा कुंवर हरिवंश सिंह नर्सिंग इंस्टीट्यूट ऑफ पैरामेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!