जौनपुर। शासन के निर्देशों के क्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर के नेतृत्व में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा पीएम श्री विद्यालयों में तकनीक आधारित शिक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से डिजिटल लाइब्रेरी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में केडीएस सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड एवं आईड्रीम एजुकेशन का सहयोग रहा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनपद के सात पीएम श्री विद्यालयों से दो-दो शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। आईड्रीम एजुकेशन के विशेषज्ञों ने शिक्षकों को डिजिटल लाइब्रेरी के प्रभावी संचालन, स्मार्ट कक्षाओं में डिजिटल शिक्षण संसाधनों के उपयोग तथा तकनीक आधारित शिक्षण पद्धतियों की विस्तृत जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान विषयवार वीडियो, डिजिटल अध्ययन सामग्री और गतिविधि आधारित शिक्षण के प्रभावी उपयोग पर विशेष जोर दिया गया। प्रशिक्षकों ने बताया कि इन डिजिटल संसाधनों के माध्यम से विद्यार्थियों की कक्षा में सहभागिता बढ़ाने के साथ-साथ उनके सीखने के स्तर में भी उल्लेखनीय सुधार किया जा सकता है।
कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों ने डिजिटल संसाधनों के उपयोग को लेकर उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा अपने-अपने विद्यालयों में डिजिटल लाइब्रेरी का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जिला समन्वयक (एमआईएस), जिला समन्वयक (प्रशिक्षण), बेसिक शिक्षा विभाग, जौनपुर सहित संबंधित अधिकारी एवं प्रतिभागी शिक्षक उपस्थित रहे।


