मड़ियाहूं, जौनपुर। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के नयापुर मोहल्ला निवासी एक विवाहिता की तहरीर पर पुलिस ने पति, सास-ससुर समेत नौ लोगों के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न और दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
आरजू बानो ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसकी शादी 2 दिसंबर 2025 को मछलीशहर के पुरानी मंडी निवासी मोहम्मद साजिद पुत्र मुन्ना के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी में उसके पिता ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार एक लाख रुपये नकद, अपाचे मोटरसाइकिल तथा लगभग सात लाख रुपये मूल्य के गहने, बर्तन, बेड, कूलर सहित अन्य घरेलू सामान उपहार स्वरूप दिए थे। इसके बावजूद ससुराल पक्ष के लोग संतुष्ट नहीं हुए और अतिरिक्त 10 लाख रुपये की मांग करने लगे।
पीड़िता का आरोप है कि मांग पूरी न होने पर उसकी विदाई भी नहीं करवा रहे थे । रिश्तेदारों के हस्तक्षेप के बाद उसे ससुराल ले जाया गया, जहां पति मोहम्मद साजिद, ससुर मुन्ना उर्फ हनीफ, सास अनवरी, बड़े ससुर सिद्दीक, देवर तारीक उर्फ बबलू, आमिर, दानिश, जेठानी खुशबू तथा ननद तरन्नुम लगातार प्रताड़ित करने लगे।
तहरीर के अनुसार 10 जुलाई 2026 को सुबह करीब 10 बजे आरोपितों ने 10 लाख रुपये की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट की, उसका स्त्रीधन, गहने और कपड़े अपने कब्जे में ले लिए तथा पति उसे मड़ियाहूं-ददरा बाइपास पर छोड़कर चला गया। जाते समय धमकी दी गई कि 10 लाख रुपये लेकर ही वापस आना, अन्यथा घर में जलाकर मार डालेंगे।
