चेतन सिंह
बरसठी, जौनपुर। स्थानीय बाजार की एक दुकान पर साइकिल में हवा भराने के बाद बोहनी के पैसे मांगने को लेकर दो पक्षों में कहासुनी के बाद जमकर मारपीट हो गई। घटना में दोनों पक्ष के कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बरसठी गांव निवासी लोकेश विश्वकर्मा की बाजार में साइकिल मरम्मत की दुकान है। आरोप है कि भगवानपुर गांव निवासी सूरज सरोज, नीरज सरोज, धीरज सरोज, रामसजीवन उर्फ बुट्टी और टमाटर उनकी दुकान पर साइकिल में हवा भराने आए थे। हवा भरने के बाद जब उन्होंने बोहनी के पैसे मांगे तो आरोपित गाली-गलौज करने लगे।विरोध करने पर कहासुनी के बाद लात-घूंसों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पिता महेशचंद्र विश्वकर्मा, अभिषेक और सनी विश्वकर्मा को भी मारपीट कर घायल कर दिया। आरोप है कि हमले में महेशचंद्र विश्वकर्मा गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। जाते समय आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। वही दूसरे पक्ष के भगवानपुर गांव निवासी सूरज कुमार सरोज ने दर्ज कराई है। आरोप लगाया है कि उनका भाई अनिस कुमार सरोज दूध देकर लौटते समय साइकिल में हवा भराने के लिए उक्त दुकान पर रुका था। इसी दौरान पैसे मांगने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि आकाश विश्वकर्मा ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर दोनों पक्षों के लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद दोनों ओर से हाथापाई और लाठी-डंडे चले। घटना में अनिस कुमार सरोज के सिर में चोट आई, जबकि विजय बहादुर सरोज और रंजीत भी घायल हो गए। इस संबंध में थानाप्रभारी जय प्रकाश यादव ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
