निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण (ओ’ लेवल एवं सीसीसी) हेतु 10 जुलाई 2026 तक करें ऑनलाइन आवेदन
जौनपुर। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी नरेन्द्र कुमार विश्वकर्मा ने अवगत कराया है कि उत्तर प्रदेश शासन, पिछड़ा वर्ग कल्याण, अनुभाग-2 द्वारा पिछड़े वर्ग के बेरोजगार युवक/युवतियों के लिए निःशुल्क संचालित ‘ओ’ लेवल एवं सी0सी0सी0 कम्प्यूटर प्रशिक्षण योजना के अन्तर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 हेतु जनपद में संचालित प्रशिक्षणदायी संस्थाओं का चयन निदेशालय, पिछड़ा वर्ग कल्याण, उ0प्र0 लखनऊ के स्तर से करते हुये वेबसाईट obccomputertraining.upsdc.gov.in पर प्रदर्शित कर दिया गया है। योजनान्तर्गत 10, जुलाई, 2026 तक अन्य पिछड़े वर्गों के इच्छुक युवक/युवतियों द्वारा वेबसाईट obccomputertraining.upsdc.gov.in पर ‘ओ’ लेवल/सी0सी0सी0 कम्प्यूटर प्रशिक्षण हेतु आनलाइन आवेदन भरे जायेंगे। योजनान्तर्गत ‘ओ’ लेवल एवं सी0सी0सी0 कम्प्यूटर पाठ्यक्रम का प्रशिक्षण शुल्क क्रमशः रु0 15,000 एवं रु0 3,500 तक विभाग द्वारा वहन किया जायेगा। पिछड़े वर्ग के शिक्षित बेरोजगार युवक/युवतियों को ‘ओ’ लेवल/‘‘सी0सी0सी0’’ कम्प्यूटर प्रशिक्षण योजना के अन्तर्गत निम्नलिखित अर्हता आवश्यक है- कम्प्यूटर प्रशिक्षण के लिए (10+2) इण्टरमीडिएट न्यूनतम शैक्षिक अर्हता अनिवार्य है। प्रशिक्षार्थी की अधिकतम उम्र 35 वर्ष तक होनी चाहिए, और उ0प्र0 का निवासी हो। प्रशिक्षार्थी बेरोजगार हो तथा किसी शिक्षण संस्था में छात्रवृत्ति न लेता हो। ‘ओ’ लेवल कम्प्यूटर प्रशिक्षण की अवधि 01 वर्ष होगी। ‘‘सी0सी0सी0’’ कम्प्यूटर प्रशिक्षण की अवधि 03 माह होगी। प्रशिक्षार्थी के माता-पिता/अभिभावक की सकल वार्षिक आय (ग्रामीण/शहरी क्षेत्र) रु0 1,00,000 से अधिक नहीं होनी चाहिए।
शासनादेश के अनुसार उपर्युक्त अर्हता रखने वाले युवक/युवतियाँ वेबसाईट obccomputer training.upsdc.gov.in पर आवेदन करने की अंतिम तिथि 10, जुलाई, 2026 तक आनलाइन आवेदन अपने समस्त शैक्षिक अभिलेखों को अपलोड करते हुये समस्त वांछित संलग्नकों सहित आवेदन पत्र दो प्रतियों में विकास भवन स्थित पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कार्यालय के कक्ष संख्या-106 में अनिवार्य रूप 10 जुलाई 2026 सायं 05ः00 बजे तक जमा करना सुनिश्चित करें। यदि आवेदन कार्यालय में प्राप्त नहीं होता है तो ऐसे प्रशिक्षार्थी का आवेदन निरस्त माना जायेगा।
