Lolly Seller नाम से टेलीग्राम चैनल संचालित कर अश्लील सामग्री बेचता था, ऑनलाइन भुगतान के माध्यम से करता था लेन-देन
साइबर सेल एवं थाना जीयनपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, मोबाइल फोन से अश्लील वीडियो, फोटो एवं ऑनलाइन लेन-देन के साक्ष्य बरामद
आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार द्वारा जनपद में साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में, अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन, अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) पंकज श्रीवास्तव एवं क्षेत्राधिकारी सगड़ी के कुशल निर्देशन तथा प्रभारी साइबर सेल उ0नि0 रवि प्रकाश गौतम के नेतृत्व में साइबर सेल एवं थाना जीयनपुर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से अश्लील फोटो एवं वीडियो बेचने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। साइबर सेल द्वारा प्राप्त सूचना के आधार पर थाना जीयनपुर पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए राईस मिल चंगईपुर तिराहा स्थित डॉ. रामनरेश कॉलेज के सामने से एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ एवं उसके मोबाइल फोन की जांच में टेलीग्राम चैनलों पर अश्लील फोटो एवं वीडियो बेचने तथा ऑनलाइन भुगतान प्राप्त करने से संबंधित डिजिटल साक्ष्य प्राप्त हुए।
गिरफ्तार अभियुक्त ने अपना नाम आकाश चौहान (21) पुत्र जोगिन्दर चौहान, निवासी स्वरूपपुर अमुवारी नारायणपुर, थाना जीयनपुर, जनपद आजमगढ़ बताया। उसके पास से एक ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन और 2,530/- रुपए नगद बरामद हुआ। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह Lolly Seller नाम से टेलीग्राम चैनल संचालित करता था तथा विभिन्न टेलीग्राम ग्रुपों पर अश्लील फोटो एवं वीडियो के स्क्रीनशॉट भेजकर उन्हें लगभग 400 रुपए प्रति वीडियो के हिसाब से बेचता था। भुगतान ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त करता था। अभियुक्त ने यह भी स्वीकार किया कि बरामद नगदी अश्लील सामग्री बेचकर अर्जित धनराशि का हिस्सा है। वह अश्लील वीडियो इंटरनेट से डाउनलोड कर उन्हें एडिट कर ग्राहकों को उपलब्ध कराता था। अभियुक्त के कब्जे से बरामद मोबाइल फोन में अश्लील वीडियो, फोटो, टेलीग्राम चैट एवं ऑनलाइन लेन-देन से संबंधित महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य प्राप्त हुए हैं। प्रकरण में अन्य तकनीकी एवं डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर विस्तृत जांच की जा रही है।
अभियुक्त के विरुद्ध थाना जीयनपुर पर मु0अ0सं0 300/2026, धारा 317(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2), 294 बीएनएस एवं 67A/67B सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उ.नि. रवि प्रकाश गौतम (प्रभारी साइबर सेल), व.उ.नि. परमात्मा मिश्रा (थाना जीयनपुर), हे.का. ओमप्रकाश जायसवाल (साइबर सेल), हे.का. संदीप यादव (थाना जीयनपुर), का. राहुल सिंह (साइबर सेल) एवं का. प्रदुम्न यादव (थाना जीयनपुर) शामिल हैं।


