चन्दवक। रामदेवपुर (गोनौली) गांव में दो सगे भाइयों के बीच हुए विवाद के दौरान हुई चन्द्रबली पटेल (45) की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है। रिपोर्ट में मृत्यु का कारण हृदयाघात (हार्ट अटैक) बताया गया है। वहीं घटना के संबंध में मृतक के परिजनों ने किसी प्रकार की शिकायत या तहरीर पुलिस को नहीं दी है।
मंगलवार दोपहर चन्द्रबली पटेल और उनके भाई चंद्रभूषण पटेल के बीच कहासुनी हुई थी। इसी दौरान चन्द्रबली की तबीयत बिगड़ गई और वह घर पहुंचने के बाद बेहोश होकर गिर पड़े थे जिससे उनकी मौत भी हो गई थी। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार देर रात क्षेत्र के गाजीपुर जिले के औड़िहार स्थित जौहरगंज घाट पर चन्द्रबली की अंत्येष्टि उनके परिजनों द्वारा की गई। परिजनों ने कहा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर शिकायत दर्ज कराई जाएगी। मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो गई है।
थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चिकित्सक द्वारा चंद्रबली पटेल की हृदयाघात से मौत होने की पुष्टि हुई है। मामले में परिजनों की ओर से कोई शिकायत या तहरीर नहीं दी गई है।
![]() |
| विज्ञापन |

