नया सवेरा नेटवर्क
मड़ियाहूं,जौनपुर। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के देल्हूपुर मोड़ स्थित शीतलगंज में शुक्रवार दोपहर कार और टेंपो की हुई टक्कर में टेंपो चालक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार सदलपुर गांव निवासी साहब लाल यादव (40) टेंपो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। शुक्रवार को वह करीब 2:30 बजे मड़ियाहूं से टेंपो लेकर अपने घर जा रहे थे। जैसे ही वह देल्हूपुर मोड़, शीतलगंज के पास पहुंचे, जौनपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनके टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में साहब लाल गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें 108 एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़ियाहूं पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी सीमा देवी और माता शिव कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे दो पुत्र अनुराग और आदर्श को छोड़ गए हैं।
प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया गया है तथा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
| Advt |
0 टिप्पणियाँ