‘सेल्फी विद पीएम’ रहा आकर्षण का केन्द्र
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए : राज्यमंत्री
विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में जनभागीदारी आवश्यक : एमएलसी ’
विकास प्रदर्शनी के माध्यम से पात्र व्यक्तियों तक पहुँचाई जा रही हैं सरकारी योजनाएँ : जिलाधिकारी
नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। भारत सरकार के सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 जून से 21 जून तक संचालित समेकित जनकल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत जनपद के प्रेक्षागृह में तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का शुभारम्भ राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण विभाग गिरीश चन्द्र यादव, विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह ‘प्रिंसू’, पूर्व विधायक बाकेलाल सोनकर, जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. एवं मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया द्वारा फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके पूर्व जनप्रतिनिधिगण ने सूचना विभाग द्वारा स्थापित ‘सेल्फी विद पीएम’ सेल्फी प्वाइंट पर फोटो भी खिंचवाई। अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर किया गया। बेसिक शिक्षा विभाग की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
जनप्रतिनिधियों ने बेसिक शिक्षा, पर्यटन, स्वास्थ्य, पशुपालन, मत्स्य एवं अन्य विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया तथा अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें लाभान्वित किया जाए। विभागीय प्रतिनिधियों द्वारा आगंतुकों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई तथा प्रचार-प्रसार सामग्री एवं पम्पलेट वितरित किए गए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास एवं जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियाँ प्राप्त की हैं। पिछले 12 वर्षों में गरीब, किसान, युवा एवं वंचित वर्ग के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए अनेक महत्वपूर्ण योजनाएँ संचालित की गई हैं।
उन्होंने कहा कि भारत शीघ्र ही विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में अग्रसर है। कोविड-19 महामारी के दौरान देशवासियों को निःशुल्क वैक्सीन उपलब्ध कराकर करोड़ों लोगों के जीवन की रक्षा की गई। किसानों के हित में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि एवं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना जैसी योजनाएँ संचालित की गई हैं।
मंत्री ने बताया कि लगभग 80 करोड़ से अधिक लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है तथा आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र परिवारों को पाँच लाख रुपये तक की स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान की जा रही है। जल जीवन मिशन के माध्यम से प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल पहुँचाने का कार्य किया जा रहा है।
राज्यमंत्री ने जनपद के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि नईगंज एवं जगदीशपुर ओवरब्रिज का निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है। सदर क्षेत्र में तीन नए पुलों का निर्माण कराया जा रहा है, जिनमें प्यारेपुर पुल पूर्ण हो चुका है तथा शास्त्री पुल के समीप नए पुल का निर्माण शीघ्र प्रारम्भ होगा। जनपद में पीपा पुल स्थापित किए गए हैं तथा ट्रैफिक की समस्या के समाधान हेतु रिंग रोड परियोजना पर तेजी से कार्य चल रहा है।
उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज में सीटी स्कैन जैसी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं। खेलों को बढ़ावा देने के लिए इन्दिरा गांधी स्टेडियम में मल्टीपरपज हॉल, स्विमिंग पूल एवं रनिंग ट्रैक का निर्माण कराया गया है तथा भविष्य में बास्केटबॉल एवं कबड्डी के लिए आधुनिक हॉल भी बनाए जाएंगे। साथ ही जनपद में स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना प्रस्तावित है।
पर्यटन विकास के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि चौकियां धाम एवं बड़े हनुमान मंदिर सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों का सौन्दर्यीकरण एवं विकास कराया जा रहा है।
विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह ‘प्रिंसू’ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 12 वर्षों का कार्यकाल देश के लिए ऐतिहासिक रहा है। उनकी दूरदर्शी सोच एवं कार्यशैली के कारण देश में व्यापक सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिला है। स्वच्छ भारत अभियान आज जनआंदोलन का रूप ले चुका है तथा वर्ष 2047 तक विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का लक्ष्य सभी के सामूहिक प्रयासों से ही प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जनपद में रिंग रोड, ऑडिटोरियम, सड़क चौड़ीकरण एवं स्टेडियम जैसी अनेक विकास परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। साथ ही देश की सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत के संरक्षण एवं विकास हेतु भी महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं।
जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुँचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विकास प्रदर्शनी एवं जनकल्याण मेले के माध्यम से आमजन को विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने जनपदवासियों से अधिकाधिक संख्या में योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान गुड़िया देवी, आर्य, राजवीर यादव एवं अंशिका यादव को पोषण पोटली वितरित की गई। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के अंतर्गत शत्रुघ्न सोनकर एवं सौरभ मिश्रा को पाँच-पाँच लाख रुपये के सांकेतिक चेक प्रदान किए गए।
विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत अमन अली एवं शैलेन्द्र निषाद को टूलकिट वितरित की गई। श्रम विभाग की सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत निर्मला देवी को 85 हजार रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त राजेश, प्रियंका, रामबहादुर एवं मन्दिरा सहित अन्य लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक विभाग के पंजीकृत कलाकार विवेक मिश्रा ‘वरदान’, सपना शर्मा, सुदामा पाण्डेय की टीम तथा बेसिक शिक्षा विभाग की छात्राओं द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। कार्यक्रम का संचालन खण्ड शिक्षा अधिकारी जलालपुर रमेश चन्द्र पटेल, सुश्री ऋचा सिंह एवं शैलेश चतुर्वेदी ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी देवी, बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय, डीसीएनआरएलएम जितेन्द्र सिंह जिला अर्थ संख्या अधिकारी अरुण यादवसहित अन्य जनप्रतिनिधिगण और अधिकारीगण उपस्थित रहे।
![]() |
| विज्ञापन |






