Jaunpur News : चकमार्ग के लिए टावर पर चढ़ा किसान

Naya Savera Network

तीन घंटे के हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद शुरू हुआ निर्माण तो उतरा नीचे 

 नया सवेरा नेटवर्क

खुटहन, जौनपुर। शेख असरखपुर गांव में चकमार्ग निर्माण की मांग को लेकर एक किसान गुरुवार को मोबाइल टावर पर चढ़ गया। उसने चेतावनी दी कि यदि उसी दिन चकमार्ग का निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया तो वह टावर से कूदकर जान दे देगा। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।

गांव निवासी सतीश कुमार यादव का आरोप है कि गांव के मुख्य मार्ग से जुड़ा करीब 400 मीटर लंबा चकमार्ग राजस्व अभिलेखों में दर्ज है, लेकिन आसपास के कुछ चकदारों ने उसे जोतकर अपने खेतों में मिला लिया है। सतीश का कहना है कि वह पिछले एक वर्ष से चकमार्ग खाली कराने के लिए ब्लाक मुख्यालय से लेकर शाहगंज तहसील तक अधिकारियों के चक्कर लगाता रहा, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि राजस्व कर्मियों ने कई बार आश्वासन दिया, पर मौके पर मापी नहीं की गई।

गुरुवार सुबह करीब सात बजे सतीश नहर के पास स्थित मोबाइल टावर पर लगभग 50 फीट ऊपर चढ़ गया। सूचना मिलते ही एसडीएम शाहगंज कुणाल गौरव, क्षेत्राधिकारी गिरेंद्र सिंह , नायब तहसीलदार, लेखपाल, पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने सुरक्षा के लिए टावर के नीचे जाल और गद्दे बिछा दिए।

करीब तीन घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद प्रशासन ने चकमार्ग की पैमाइश कराकर जेसीबी से निर्माण कार्य शुरू कराया। इसके बाद सतीश टावर से नीचे उतर आया। किसान के सुरक्षित नीचे आने पर प्रशासन ने राहत की सांस ली।


उमानाथ सिंह हायर सेकेंडरी स्कूल 🎓 CBSE से संबद्ध प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान


माँ गायत्री हार्ट सिटी, जौनपुर |  स्थान: माँ गायत्री हार्ट सिटी, जौनपुर |  📞 संपर्क करें: 9307888197, 9140558338, 8960148448
विज्ञापन


#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!