चेतन सिंह @ नया सवेरा
बरसठी,जौनपुर। थाना क्षेत्र के सरसरा बाजार में ब्लॉक गेट के बगल वर्षों से चाट-फुल्की की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करने वाले एक व्यक्ति की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर अस्पताल जा रहे उनके बेटे की बाइक भी रास्ते में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। एक ही रात में हुई दो घटनाओं से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
जानकारी के अनुसार मृतक मूल रूप से मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के बेलवा गांव निवासी सुरेश गुप्ता थे। वह कई वर्षों से सरसरा बाजार में किराये के मकान में परिवार के साथ रहते थे और ब्लॉक मुख्यालय गेट के बगल चाट-फुल्की की दुकान चलाते थे। रविवार की रात वह जयरामपुर-चोरारी गांव में आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। बताया जाता है कि रात करीब 10 बजे भोजन करने के बाद वह मोटरसाइकिल से सरसरा लौट रहे थे। रास्ते में मड़ियाहूं क्षेत्र स्थित गौशाला के पास उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस उन्हें अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद पुलिस मृतक की पहचान नहीं कर सकी। बाद में फोटो के आधार पर उनकी शिनाख्त सुरेश गुप्ता के रूप में हुई। उधर, पिता के हादसे की सूचना मिलने पर सदर अस्पताल जा रहे उनके छोटे बेटे की बाइक भी रास्ते में दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे उसे चोटें आई हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है।
| Advt |

0 टिप्पणियाँ