चेतन सिंह
बरसठी, जौनपुर। थाना क्षेत्र के बड़ेरी चौकी अंतर्गत बीएसएनएल टावर के पास स्थित एक खंडहर में शनिवार को अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई है। जानकारी के अनुसार, राहगीरों की नजर खंडहर में पड़े शव पर पड़ी तो इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। मृतक की उम्र लगभग 40 वर्ष बताई जा रही है। वह नीले रंग का हाफ पैंट और छिटदार शर्ट पहने हुए था। शव जिस स्थान पर मिला, वह मुख्य सड़क से कुछ दूरी पर सुनसान इलाके में स्थित है। ऐसे में ग्रामीणों के बीच हत्या कर शव वहां फेंके जाने की चर्चा बनी रही। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष जयप्रकाश यादव ने बताया कि शव की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। प्रथम दृष्टया मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

