चेतन सिंह @ नया सवेरा
बरसठी, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के तीन अलग-अलग गांवों में हुए विवादों को लेकर पुलिस ने मारपीट, गाली-गलौज, धमकी, रास्ता रोकने और बांस काटने के विवाद में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार दीनापुर गांव में बांस काटने को लेकर हुए विवाद में श्रीनाथ तिवारी ने तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उनके पड़ोसी पंकज तिवारी घर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान बांस को जबरन काट लिया गया तथा विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 352, 351(3) और 324 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। इसी तरह भोपतपुर गांव निवासी प्रकाश बनवासी ने तहरीर देकर आरोप लगाया है कि देर रात भन्नौर (डीह) गांव निवासी संजय उनकी पत्नी नीतू को अपने साथ ले जा रहा था। विरोध करने पर संजय तथा पीड़ित की पत्नी नीतू द्वारा गाली-गलौज और हाथ-मुक्कों से मारपीट करने का आरोप है। पीड़ित के अनुसार मारपीट में उनके दोनों हाथ-पैर में चोटें आई हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ धारा 115(2), 352 और 351(3) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है तथा जयरामपुर गांव निवासी आनंद कुमार गौतम ने तहरीर देकर आरोप लगाया है कि वह अपने भाई के साथ प्रयागराज से लौट रहे थे, तभी धनिपुर गांव निवासी अरविंद कुमार गौतम ने साथियों के साथ रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि हरिपुर गांव के पास घेरकर बाइक की चाबी निकाल ली गई और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित द्वारा डायल 112 पुलिस को बुलाए जाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। इस मामले में पुलिस ने बीएनएस की धारा 191(2), 352 और 351(3) के तहत आधा दर्जन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किया है। इस संबंध में थाना प्रभारी जय प्रकाश यादव ने बताया कि तीनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
| विज्ञापन |
0 टिप्पणियाँ