चेतन सिंह @ नया सवेरा
बरसठी, जौनपुर। दहेज में सोने की चेन की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को प्रताड़ित कर घर से निकालने के आरोप में बरसठी पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।महुआरी बनकट गांव निवासी सुमन गौतम ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि उसकी शादी 19 मई 2024 को विकास गौतम के साथ हुई थी। विवाह में नगद 50 हजार रुपये, मोटरसाइकिल, अंगूठी समेत अन्य आवश्यक सामान दिया गया था। इसके बावजूद पति, सास, ससुर तथा अन्य परिजन सोने की चेन की मांग को लेकर उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। आरोप है कि करीब छह माह पहले ससुराल पक्ष के लोगों ने मारपीट कर उसे मायके छोड़ दिया। मामले में थाने पर पंचायत भी हुई थी और समझौते के बाद विदाई की तिथि तय की गई थी, लेकिन ससुराल पक्ष ने न तो समझौते का पालन किया और न ही उसे वापस बुलाया। पीड़िता का आरोप है कि अब भी दहेज में चेन की मांग की जा रही है। पुलिस ने पति विकास गौतम, ससुर श्यामधर, सास सुभामा देवी, चचेरी सास ममता तथा चचेरे ससुर कट्टर के खिलाफ बीएनएस की धारा 85, 115(2) तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3 व 4 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में थानाध्यक्ष जय प्रकाश यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

0 Comments