अतुल जायसवाल @ रामपुर, जौनपुर। डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के मद्देनजर शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु थाना रामपुर परिसर में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी विनोद कुमार ने की। बैठक में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं पुलिस कर्मियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान अंबेडकर जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। थाना प्रभारी ने सभी उपस्थित लोगों से अपील किया कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और आपसी भाईचारे एवं सौहार्द को बनाए रखें। उन्होंने यह भी कहा कि जुलूस एवं अन्य आयोजनों के दौरान प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि या कानून-व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में उपस्थित सभी लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया तथा अंबेडकर जयंती को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने का संकल्प लिया।
Uploaded Image