Jaunpur : ​पेट्रोल पम्पों पर अव्यवस्था, ईंधन न मिलने से लोग परेशान

Team NSN

विरेन्द्र यादव @ सरायख्वाजा, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र में इन दिनों पेट्रोल और डीजल को लेकर गंभीर स्थिति बनी हुई है। शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन भी कई पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ देखने को मिली लेकिन इसके बावजूद लोगों को ईंधन नहीं मिल सका। हालात ऐसे रहे कि कई स्थानों पर लोग घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद भी खाली हाथ वापस लौटने को मजबूर हुये।
जानकारी के अनुसार सरायख्वाजा क्षेत्र के दर्जनों पेट्रोल पंपों पर सुबह से ही दोपहिया और चारपहिया वाहनों की लंबी कतारें लग गई थीं। लोग अपने वाहनों में पेट्रोल-डीजल भरवाने के लिए बड़ी संख्या में पहुंचे लेकिन अधिकांश पंपों पर ईंधन उपलब्ध नहीं था। कई पेट्रोल पंपों पर "पेट्रोल-डीजल समाप्त" के बोर्ड लगे नजर आये जिससे लोगों में नाराजगी और बढ़ गई।
हालांकि जिला प्रशासन का दावा है कि जिले में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा है कि ईंधन की पर्याप्त आपूर्ति हो रही है और घबराने की जरूरत नहीं है। इसके बावजूद जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। कई पेट्रोल पंपों पर दिन भर सन्नाटा पसरा रहा जबकि कुछ चुनिंदा पंपों पर ही ईंधन मिलने की सूचना पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
जहां-जहां पेट्रोल और डीजल उपलब्ध था, वहां लोगों के बीच पहले लेने की होड़ मच गई। इस दौरान कई जगहों पर नोकझोंक की स्थिति भी देखने को मिली। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कर्मचारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी लेकिन फिर भी अव्यवस्था बनी रही।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पेट्रोल-डीजल रोजमर्रा की जरूरत है और इसके अभाव में जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!