नया सबेरा नेटवर्क
अंतिम दर्शन को उमड़ी क्षेत्रवासियों की भारी भीड़
मुंगराबादशाहपुर, जौनपुर। उत्तर प्रदेश गन्ना सहकारी संघ के पूर्व अध्यक्ष, पूर्व विधायक एवं मुंगराबादशाहपुर विकास क्षेत्र के लगभग दो दशकों से अधिक समय तक लगातार ब्लाक प्रमुख रहे क्षेत्र के जनप्रिय नेता विनोद कुमार सिंह की इलाज के दौरान बुधवार को प्रयागराज के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया था। उनका पार्थिव शरीर बुधवार की शाम उनके मुंगराबादशाहपुर के सतवा स्थित पैतृक निवास पर लाया गया जहाँ शाम से ही जनपद के राजनैतिक दलों के लोगों द्वारा पहुँचकर श्रद्धांजलि अर्पित की गयी। गुरुवार की सुबह उनकी शवयात्रा फूलों से सजे एक वाहन द्वारा उनके पैतृक निवास से प्रारम्भ होकर उनके द्वारा स्थापित सार्वजनिक पीजी कॉलेज ले जायी गयी। जहाँ सत्य साईं पंथ के अनुरूप पहले से तैयार एक विशेष स्थल पर पूरे सम्मान के साथ उनके हजारों समर्थकों की उपस्थिति में उनका अन्तिम संस्कार किया गया। शव यात्रा के अन्तिम संस्कार स्थल पर पहुँचने पर पुलिसकर्मियों द्वारा प्रभारी निरीक्षक भैया एसपी सिंह, उपनिरीक्षक नन्द किशोर शुक्ल एवं उपनिरीक्षक मनोज सिंह के नेतृत्व में गार्ड ऑफ आनर की सलामी दी गयी। उसके पश्चात अन्तिम संस्कार स्थल पर उपस्थित उनके हजारों समर्थकों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें नम आंखों से अन्तिम विदाई दी। इसके पश्चात उनके ज्येष्ठ पुत्र सत्येन्द्र सिंह फंटू एवं उदय सिंह रिण्टी व अन्य पारिवारिक सदस्यों ने सत्य साईं पंथ के अनुरूप विशेष पूजन प्रकिया करने के बाद विशेष रूप से बनाये गये स्थल पर अन्तिम संस्कार किया। इस मौके पर पूर्व सांसद हरिवंश सिंह, पूर्व सांसद धनंजय सिंह, सीआरपीएफ के पूर्व महानिरीक्षक नागेन्द्र सिंह सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
from NayaSabera.com
0 Comments