पक्षियों के अचानक मरने से बर्ड फ्लू की आशंका से ग्रामीणों में दहशत | #NayaSaberaNetwrok

Team NSN
>गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के भदेवरा गांव की घटना

> मौके पर पहुंची पशु चिकित्सा विभाग की टीम

फैज अंसारी
धर्मापुर, जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के भदेवरा गांव में मंगलवार की सुबह गांव निवासी महेंद्र सिंह के दरवाजे के सामने मृत पड़े 3 मैना पक्षी के शवों को देखकर ग्रामीण दहशत में आ गए। बर्ड फ्लू की आशंका से घबराए ग्रामीणों ने इसकी सूचना ग्राम प्रधान सत्यानंद चौबे को दी। सत्यानंद चौबे ने तत्काल वन विभाग की टीम और पशु चिकित्सक धर्मेंद्र सिंह और ऋचा सिंह को मामले से अवगत कराया। सूचना पर पहुंचे पशु चिकित्सक धर्मेंद्र सिंह, फॉरेस्टर तेज बहादुर सिंह, फॉरेस्ट गार्ड ओमप्रकाश सिंह और कर्मचारी राम पलट ने मृत पक्षी के शवों का मुआयना किया। पूछे जाने पर पशु चिकित्सक धर्मेंद्र सिंह और ऋचा सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया पक्षियों की मौत का कारण अचानक ठंड का बढ़ना लग रहा है। बर्ड फ्लू की आशंका को उन्होंने सिरे से खारिज करते हुए बताया कि जो पक्षी बर्ड फ्लू से मरते हैं उनके सिर में सूजन आंख में सूजन और नाक से स्राव निकलता है। 
परंतु पक्षियों के शव में ऐसा कोई लक्षण नहीं देखा गया। फिलहाल पूरी सावधानी बरते हुए प्रोटोकॉल के अनुसार मृत पक्षियों के शवों को दफन करवा दिया गया। लोगों को अलर्ट करते हुए जंगली पक्षियों और जानवरों से दूर रहने की हिदायत दी गई है। ऐसी कोई मौत पुनः होती है तो सूचना देने को कहा गया है। आस पास फिलहाल कोई पोल्ट्री फार्म नहीं है। एक पोल्ट्री फार्म गोविंदपुर मनिहां में है दूसरा पोल्ट्री फार्म बगथरी में है। जहां से सैंपल लेकर जांच के लिए भिजवाया जाएगा। लोगों को शारीरिक दूरी और मास्क पहनने के लिए अलर्ट कर दिया गया है। फिलहाल अचानक पक्षियों की रहस्यमई मौत से क्षेत्र में बर्ड फ्लू की आशंका से ग्रामीण दहशजदा हो गए है।


from NayaSabera.com
Tags

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!