मंजूसा सिंह को द्वितीय और आतिफा हफीज को मिला तृतीय पुरस्कार
अंतरराष्ट्रीय मंच पर शोध प्रतिभा का मनवाया लोहा
नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक मंच पर वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर की छात्राओं ने अपनी शोध प्रतिभा का परचम लहराया है। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू), कानपुर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन ‘वेलनेसकॉन-2026’ में विश्वविद्यालय के विज्ञान संकाय के जैव प्रौद्योगिकी विभाग की दो छात्राओं ने मौखिक शोध प्रस्तुति प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पुरस्कार हासिल किए। मंजूसा सिंह ने द्वितीय तथा आतिफा हफीज ने तृतीय स्थान प्राप्त कर विश्वविद्यालय को गौरवान्वित किया।
30 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में कुल 1,158 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया। इसमें देश-विदेश के वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों, चिकित्सकों एवं शोधकर्ताओं ने प्रतिभाग कर स्वास्थ्य, चिकित्सा विज्ञान और जैव प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नवीन शोध एवं वैज्ञानिक उपलब्धियों पर विचार साझा किए।
सम्मेलन के अंतर्गत आयोजित मौखिक शोध प्रस्तुति (ओरल प्रेजेंटेशन) प्रतियोगिता में कुल 98 प्रतिभागियों ने अपने शोध कार्य प्रस्तुत किए। जैव प्रौद्योगिकी श्रेणी में मंजूसा सिंह ने ‘मंकी पॉक्स के विरुद्ध एंटीवायरल पेप्टाइड्स की इम्यूनोइन्फॉर्मेटिक्स आधारित स्क्रीनिंग’ विषय पर शोध प्रस्तुत कर द्वितीय पुरस्कार प्राप्त किया। वहीं, आतिफा हफीज ने ‘ऑटोफैजी-संबंधित लंग कैंसर में बीसीएल-2 और टीपी-53 की संभावित चिकित्सीय लक्ष्यों के रूप में पहचान’ विषय पर अपना शोध प्रस्तुत कर तृतीय पुरस्कार हासिल किया।
दोनों छात्राओं का यह शोध कार्य जैव प्रौद्योगिकी विभाग के शिक्षक डॉ. मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। उनकी इस उपलब्धि को विभाग में संचालित गुणवत्तापूर्ण शोध गतिविधियों और विद्यार्थियों की वैज्ञानिक अभिरुचि का परिणाम माना जा रहा है।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने दोनों छात्राओं को इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर विद्यार्थियों की ऐसी उपलब्धियां विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं शोध उत्कृष्टता को नई पहचान देती हैं। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: ई-लॉटरी से 19 किसानों का कृषि यंत्रों के लिए हुआ चयन
नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें और Join करें Naya Savera Network का WhatsApp Channel


,%20%E0%A4%A8%E0%A4%88%E0%A4%97%E0%A4%82%E0%A4%9C%20%E0%A4%A4%E0%A4%BF%E0%A4%B0%E0%A4%BE%E0%A4%B9%E0%A4%BE,%20%E0%A4%9C%E0%A5%8C%E0%A4%A8%E0%A4%AA%E0%A5%81%E0%A4%B0%20%20%E0%A4%AB%E0%A5%8B%E0%A4%A8%20%E0%A4%A80%207355%20358194,%2005452-356555.jpg)