चालक को नींद आने से रामगढ़ गांव के पास रात 12 बजे हुआ हादसा
नया सवेरा नेटवर्क
चंदवक, जौनपुर। आजमगढ़-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामगढ़ गांव के सामने शनिवार रात 12 बजे के करीब डीजल से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गया। टैंकर पलटने की जानकारी होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। टैंकर पलटने से यातायात बाधित हो गया।वाहनों की लंबी कतारें लग गई। बताया जाता है कि डीजल से भरा टैंकर वाराणसी से आजमगढ़ की ओर जा रहा था। आजमगढ़ निवासी चालक सुरेंद्र यादव टैंकर चला रहा था। रामगढ़ गांव के पास अचानक चालक को नींद आ गई, जिससे टैंकर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में पलट गया। हादसे में टैंकर को नुकसान पहुंचा। आसपास के लोगों की सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम और चंदवक पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस एवं फायर ब्रिगेड की टीम ने स्थिति का जायजा लिया और सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम किए। इसके बाद फायर ब्रिगेड व पुलिस टीम ने पोकलैंड की मदद से टैंकर को बाहर निकाला।इस दौरान दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई। घंटों मशक्कत के बाद यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो पायी।
यह भी पढ़ें | Mumbai News: भिवंडी में 51 गरीब बेटियों का होगा सामूहिक कन्यादान
नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें और Join करें Naya Savera Network का WhatsApp Channel
