नया सवेरा नेटवर्क
बक्शा,जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र के उटरुकला गांव स्थित राजा ढाबा के पास रविवार को ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्राली से बाइक की हुई जोरदार टक्कर में बाइक चालक युवक की मौत हो गयी जबकि पीछे बैठी महिला गम्भीर रूप से घायल हो गयी। सूचना पर पहुँची पुलिस टीम ने घायल महिला को नौपेड़वा सामुदायिक अस्पताल भिजवाते हुए शव को कब्जे में लेते हुए मृतक के रिश्तेदार को सूचना दी।
प्रतापगढ़ जनपद के आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के पीथापुर गौरमाफी निवासी भारत लाल का 27 वर्षीय पुत्र महेन्द्र कुमार गौतम अपनी पड़ोस के रिश्ते की चाची मनीता देवी पत्नी राजेश गौतम के साथ बाइक से नौपेड़वा की तरफ किसी रिश्तेदार की मौत की सूचना पर जा रहें थे। महेन्द्र जैसे ही राजा ढाबा के समीप पहुँचा आगे-आगे धनियामऊ परास ईंट भठ्ठे से ईंट लादकर चल रहा ट्रैक्टर चालक अचानक ट्रैक्टर दाहिने तरफ मोड़ दिया। अचानक हुई घटना के कारण अनियंत्रित बाइक ट्रैक्टर से जा टकराई। जोरदार हुई भिड़ंत से महेन्द्र कुमार की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि बाइक पर बैठी महिला मनीता गम्भीर रूप से घायल हो गयी। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना की सूचना थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह को दी। उधर चिकित्सक ने बेहतर उपचार हेतु महिला को जिला अस्पताल रैफर कर दिया। उधर मौके से ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर छोड़ फरार हो गया।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: दीपक विश्वकर्मा के परिजनों ने तीन दिन बाद खत्म किया धरना
नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें और Join करें Naya Savera Network का WhatsApp Channel
