नो एंट्री की मांग पर एनएचएआई ने पूर्वांचल किसान को दिया जबाब
नया सवेरा नेटवर्क
चंदवक, जौनपुर। आजमगढ़ वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग 233 पर हो रही दुघर्टनाओं को रोकने के लिए पूर्वांचल किसान संगठन की ओर से नो एंट्री लगाने के लिए एनएचएआई को दिए गए ज्ञापन के संबंध में एनएचएआई ने संगठन को लिखित जबाब भेजा है। बताया है कि वाहनों का मार्ग परिवर्तन एवं नियंत्रण स्थानीय प्रशासन के अधिकार क्षेत्र में आता है। नो एंट्री के संबंध में जिला प्रशासन द्वारा निर्णय लिया जाना ही उचित होगा। एनएचएआई का जबाब मिलने पर संगठन ने किसान नेता अजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक को नो एंट्री लगाने के संबंध में ज्ञापन सौंप दिया है।
पूर्वांचल किसान संगठन ने एनएचएआई को राष्ट्रीय राजमार्ग 233 पर टोल प्लाजा ढेरही पर टोल वसूली बंद करने , भारी वाहनों के कारण आए दिन हो रही दुघर्टनाओं को रोकने के लिए भारी वाहनों के लिए नो एंट्री लगाने,सड़क दुर्घटनाओं में मृत लोगों को मुआवजा देने सहित अन्य मांगों के संबंध में ज्ञापन सौंपा था। ज्ञापन के माध्यम से बताया था कि चंदवक स्थित गोमती नदी पर बने पुल के खराब होने पर वर्ष 2023 - 24 में एक साल तक एनएचएआई की मांग पर जिला प्रशासन द्वारा भारी वाहनों के लिए सुबह आठ बजे से रात्रि आठ बजे तक जौनपुर वाराणसी सीमा के दानगंज से तथा जौनपुर आजमगढ़ सीमा कनौरा तक अधूरे राजमार्ग पर नो एंट्री लगाई जा चुकी है। उस दौरान दुर्घटनाओं की संख्या न्यूनतम हो गई थी। एनएचएआई ने संगठन को दिए गए ज्ञापन के जबाब में नो एंट्री के लिए बताया कि वाहनों का मार्ग परिवर्तन व नियंत्रण जिला प्रशासन के अधिकार क्षेत्र में है। जबाब मिलने पर संगठन ने पुलिस अधीक्षक को नो एंट्री किए जाने के संबंध में ज्ञापन दे दिया है। संगठन को जिला प्रशासन के कार्यवाही का इंतजार है।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: पूर्वांचल विश्वविद्यालय में छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख तय
नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें और Join करें Naya Savera Network का WhatsApp Channel
