मिठाई लाल सोनकर
जौनपुर। मछलीशहर थाना क्षेत्र के कुंवरपुर गांव के पास गुरुवार को सड़क हादसे में बाइक सवार एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि उसके छोटे भाई और चाचा घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब तीनों लोग सिकरारा थाना क्षेत्र के शेरवा गांव में बिजली का तार खींचने का काम पूरा कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे।
सुजानगंज थाना क्षेत्र के शिवडीहा गांव निवासी पप्पू बनवासी (30), उसका छोटा भाई शिवा (15) और चाचा कालू बनवासी (50) गुरुवार सुबह एक ठेकेदार के माध्यम से शेरवा गांव में बिजली के खंभे पर तार खींचने गए थे। काम पूरा करने के बाद तीनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान मछलीशहर थाना क्षेत्र के कुंवरपुर गांव के पास उनकी बाइक की चार पहिया वाहन से टक्कर हो गई। हादसे में तीनों घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मछलीशहर पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने पप्पू और उसके चाचा कालू की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। 108 एंबुलेंस से दोनों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद पप्पू को मृत घोषित कर दिया। कालू का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है, जबकि शिवा को मामूली चोटें आई हैं।
हादसे की जानकारी मिलते ही बिजली का काम कराने वाले ठेकेदार भी जिला अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद पुलिस दुर्घटना की जांच में जुटी है और टक्कर मारने वाले वाहन के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
,%20%E0%A4%A8%E0%A4%88%E0%A4%97%E0%A4%82%E0%A4%9C%20%E0%A4%A4%E0%A4%BF%E0%A4%B0%E0%A4%BE%E0%A4%B9%E0%A4%BE,%20%E0%A4%9C%E0%A5%8C%E0%A4%A8%E0%A4%AA%E0%A5%81%E0%A4%B0%20%20%E0%A4%AB%E0%A5%8B%E0%A4%A8%20%E0%A4%A80%207355%20358194,%2005452-356555.jpg)