जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. के निर्देश पर वरिष्ठ निरीक्षक विधिक माप विज्ञान जौनपुर के नेतृत्व में गठित टीम ने शुक्रवार को मड़ियाहूं बाजार में सघन निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान मिठाई की दुकानों पर घटतौली और एक जलपान गृह में अधिक मूल्य वसूले जाने का मामला सामने आया।
निरीक्षण के दौरान सदरगंज, मड़ियाहूं स्थित मेसर्स चौरसिया मिष्ठान भंडार में एक किलोग्राम मिठाई पर 76 ग्राम तथा मेसर्स बीकानेर मिष्ठान भंडार में एक किलोग्राम मिठाई पर 92 ग्राम की घटतौली पाई गई। दोनों प्रतिष्ठानों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की गई।
इसी क्रम में सिपाह रेलवे फाटक के समीप स्थित मेसर्स विनोद जलपान गृह में एक लीटर स्प्राईट के विक्रय पर निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूलने का मामला सामने आया। इस पर भी विधिक कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान धर्मेंद्र कुमार, ओमप्रकाश ज्वेलर्स, बनारसी अलंकार मंदिर, हर्ष मोदनवाल व मोहनलाल सहित अन्य प्रतिष्ठानों के बांट-माप नियमानुसार सत्यापित नहीं पाए गए। गारंटी ज्वेलर्स, सुमित्रा देवी, शाहआलम तथा एमएन ट्रेडर्स के विरुद्ध भी विधिक माप विज्ञान अधिनियम, 2009 की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।
अधिकारियों ने दुकानदारों को निर्देश दिया कि किसी भी वस्तु का विक्रय अंकित मूल्य से अधिक पर न करें। साथ ही सभी बांट और माप उपकरणों का समय से सत्यापन एवं मुद्रांकन कराना सुनिश्चित करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आगामी महीनों में भी इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


,%20%E0%A4%A8%E0%A4%88%E0%A4%97%E0%A4%82%E0%A4%9C%20%E0%A4%A4%E0%A4%BF%E0%A4%B0%E0%A4%BE%E0%A4%B9%E0%A4%BE,%20%E0%A4%9C%E0%A5%8C%E0%A4%A8%E0%A4%AA%E0%A5%81%E0%A4%B0%20%20%E0%A4%AB%E0%A5%8B%E0%A4%A8%20%E0%A4%A80%207355%20358194,%2005452-356555.jpg)