जलालपुर, जौनपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर मिल्की स्वयं सहायता समूह द्वारा विशेष दीये तैयार किए जा रहे हैं। समूह की ओर से बनाए जा रहे इन दीयों से जनपद के विभिन्न स्थानों को रोशन किया जाएगा। दीयों की मांग को देखते हुए समूह की महिलाएं तैयारियों में जुटी हैं।
ग्राम पंचायतों से मिला अच्छा ऑर्डर
समूह की अध्यक्ष जाफरून एजाज ने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर जलाए जाने वाले दीयों के लिए विभिन्न ग्राम पंचायतों के साथ-साथ जिले से भी अच्छा-खासा ऑर्डर मिला है। समूह की महिलाएं ऑर्डर के अनुसार दीये तैयार करने में लगी हुई हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर इन दीयों को जलाकर सेवा और उत्सव का संदेश दिया जाएगा।
महिलाएं मिलकर तैयार कर रहीं दीये
दीये तैयार करने के कार्य में समूह की चांदतारा, सीमा देवी, सुभावती देवी, सोफिया, नजबून, उर्मिला समेत अन्य महिलाएं जुटी हुई हैं। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं का कहना है कि इस तरह के कार्यों से उन्हें रोजगार के साथ अपनी कला और मेहनत को आगे बढ़ाने का अवसर भी मिलता है।


