Jaunpur News : रामदयालगंज मामले में हाईवे जाम करने वालों पर FIR

Naya Sabera Network


28 नामजद समेत 50 अज्ञात पर मुकदमा

जौनपुर। रामदयालगंज बाजार में शुक्रवार को विशाल यादव (25) की हत्या के बाद आक्रोशित लोगों ने शव को राष्ट्रीय राजमार्ग-135ए पर रखकर जाम लगा दिया। पुलिस के अनुसार, जाम के दौरान दोनों तरफ का यातायात रोक दिया गया। एंबुलेंस और जरूरी सेवाओं के वाहनों को भी रास्ते में रोका गया। कुछ वाहन चालकों के साथ मारपीट का भी आरोप है। मामले में लाइन बाजार थाने में 28 नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

उपनिरीक्षक रामभरोसराम की तहरीर के अनुसार, पुलिस ने जाम खुलवाने का प्रयास किया तो भीड़ ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। पुलिस ने वीडियो रिकॉर्डिंग कराते हुए लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति बिगड़ गई। बेलवारामसागर निवासी दीवाकर पांडेय और उनकी पत्नी पुष्पा पांडेय ने भी लोगों को समझाने की कोशिश की। आरोप है कि भीड़ ने दोनों के साथ मारपीट की, जिससे वे बेहोश हो गए।

हंगामे के कारण बाजार में भगदड़ मच गई और कई दुकानदार दुकानें बंद कर वहां से चले गए। सूचना पर मड़ियाहूं, सिकरारा, कोतवाली, जफराबाद, मछलीशहर और रामपुर समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को समझाकर हाईवे से जाम हटवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने संदीप यादव, राज कुमार यादव, हरेराम यादव, नितेश कन्नौजिया, सुनील यादव, प्रवीण कुमार सिंह उर्फ शनी, राहुल यादव, विक्की यादव, रोहित सोनकर समेत 28 लोगों को नामजद किया है। इसके अलावा 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम हाउस पर भी कुछ लोगों ने शव को अपने साथ ले जाने का प्रयास किया। रोकने पर पुलिसकर्मियों से विवाद और हाथापाई का आरोप है। उपनिरीक्षक रामभरोसराम की वर्दी फाड़ने और पुलिसकर्मियों से दुर्व्यवहार का भी आरोप लगाया गया है। अतिरिक्त पुलिस बल पहुंचने के बाद स्थिति शांत हुई। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया और रात में अंतिम संस्कार कराया गया।

भाजपा के वरिष्ठ नेता ज्ञान प्रकाश सिंह की तरफ से विश्वकर्मा पूजा एवं गणेश चतुर्थी की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं
विज्ञापन


एलआईसी के अभिकर्ता विनोद यादव की तरफ से श्रावण मास, स्वतंत्रता दिवस, नागपंचमी और रक्षाबंधन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं
विज्ञापन

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!