कच्छप गति से चल रहा कार्य, दर्शन पूजन में दर्शनर्थियों को हो रही दिक्कत
जेपी कंस्ट्रक्शन व श्रेया कंस्ट्रक्शन मिलकर कर रहे कार्य, फिर भी निर्माण कार्य गति धीमी
बिपिन सैनी @ नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। पूर्वांचल के प्रमुख आस्था केंद्र शीतला चौकियां धाम में शारदीय नवरात्र से पहले सुंदरीकरण कार्य पूरा नहीं हो सका है। करीब छह करोड़ रुपये की लागत से पिछले आठ माह से चल रहा मंदिर और आसपास के क्षेत्र का निर्माण कार्य बेहद धीमी गति से आगे बढ़ रहा है। नवरात्र शुरू होने में अब कुछ ही दिन शेष हैं, ऐसे में श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ के बीच अधूरे निर्माण के कारण दर्शन-पूजन व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।
शीतला चौकियां धाम में पर्यटन विभाग की ओर से मंदिर के सुंदरीकरण और विकास का कार्य कराया जा रहा है। इसके तहत मंदिर के दोनों बरामदों को भव्य स्वरूप देने, मुख्य द्वार का निर्माण, सरोवर में दो फव्वारे, श्रद्धालुओं के बैठने के लिए स्थान, दीवारों पर पत्थर की सजावट व आध्यात्मिक चित्रण तथा धाम के प्रवेश मार्ग पर दो प्रवेश द्वार बनाए जाने हैं। कार्यदायी संस्थाओं जेपी कंस्ट्रक्शन और श्रेया कंस्ट्रक्शन को निर्माण की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
निर्माण की वर्तमान स्थिति पर नजर डालें तो मंदिर के पश्चिमी हिस्से के बरामदे की ढलाई पूरी हो चुकी है। यहां फर्श और दीवारों की जुड़ाई का कार्य चल रहा है। वहीं पूर्वी निकास द्वार की ओर स्थित बरामदे का निर्माण अभी अधूरा है। बरामदे के एक हिस्से में फर्श के लिए सरिया का जाल बिछाया गया है और पिलर की सरिया की सेटिंग भी की जा चुकी है, लेकिन ढलाई का कार्य अब तक नहीं हो पाया है।
पूर्वी बरामदे में स्थित हवन कुंड को सुरक्षित रखते हुए निर्माण कार्य किया जाना है। इसी वजह से ढलाई का काम रुका हुआ बताया जा रहा है। मंदिर परिसर के अलावा शीतला माता मंदिर से करीब एक किलोमीटर दूर शाहगंज हाईवे स्थित शिव मंदिर से चौकियां धाम जाने वाले मार्ग पर बनाया जा रहा प्रवेश द्वार भी अभी अधूरा पड़ा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि फरवरी से शुरू हुए सुंदरीकरण कार्य की गति अपेक्षाकृत धीमी रही है। यदि कार्य में तेजी लाई जाती तो नवरात्र से पहले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अधिकांश निर्माण कार्य पूरा किया जा सकता था। अब नवरात्र के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने पर निर्माणाधीन हिस्सों के कारण उन्हें आवागमन और दर्शन-पूजन में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
मंदिर के महंत विवेकानंद पंडा ने बताया कि एक तरफ के बरामदे की ढलाई हो चुकी है और फर्श का कार्य चल रहा है। दूसरी तरफ हवन कुंड को लेकर कुछ समस्या बनी हुई है, जिसके कारण ढलाई रुकी है। उन्होंने बताया कि मामला सीआरओ, सिटी मजिस्ट्रेट और जिलाधिकारी के संज्ञान में है। जल्द समस्या का समाधान कराकर ढलाई का कार्य पूरा कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि नवरात्र से पहले श्रद्धालुओं के लिए दर्शन-पूजन की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। जिला प्रशासन के सहयोग से मंदिर परिवार श्रद्धालुओं को सुरक्षित दर्शन-पूजन कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
शारदीय नवरात्र के दौरान चौकियां धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में अब देखना होगा कि प्रशासन और कार्यदायी संस्थाएं निर्माण कार्य में कितनी तेजी लाती हैं और नवरात्र से पहले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अधूरे कार्यों को कितना पूरा किया जा पाता है।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: भारी बारिश के चलते जौनपुर में कक्षा आठ तक के स्कूल बंद
नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें और Join करें Naya Savera Network का WhatsApp Channel
