जौनपुर। जिले में बिजली उपभोक्ताओं को लो वोल्टेज, ओवरलोडिंग और बार-बार ट्रिपिंग की समस्या से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। शासन ने पांच ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना पर करीब 4.7 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
क्षमता वृद्धि से जलालपुर, बजरंगनगर, डोभी, सेहलमपुर और मुर्तजाबाद क्षेत्र के पांच हजार से अधिक उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा। इन क्षेत्रों में बढ़ती बिजली मांग के चलते ट्रांसफॉर्मरों पर लगातार ओवरलोडिंग की समस्या बनी हुई थी। गर्मी में स्थिति और गंभीर हो जाती थी, जिससे ट्रांसफॉर्मर में खराबी और बार-बार बिजली ट्रिप होने की शिकायतें आती थीं।
बिजली विभाग ने पिछले महीने क्षमता वृद्धि का प्रस्ताव शासन को भेजा था, जिसे अब स्वीकृति मिल गई है। विभाग के अनुसार कार्य शुरू कर दिया गया है। अधीक्षण अभियंता खंड प्रथम मनोज गुप्ता ने बताया कि क्षमता बढ़ने के बाद संबंधित क्षेत्रों में लो वोल्टेज और फाल्ट की समस्या कम होगी तथा उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।

.jpeg)
.jpeg)
