मिठाई लाल सोनकर
जौनपुर। बरसठी थाना क्षेत्र के मानिकपुर गांव के पास शुक्रवार दोपहर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां एक की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, मियाचक गांव निवासी विपिन सरोज (24) पुत्र जयप्रकाश तथा शेर सिंह चौहान (25) पुत्र हरिनारायण बाइक की सर्विस कराने जा रहे थे। इसी दौरान मानिकपुर के पास पीछे से आ रही एक स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना पर स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में शेर सिंह चौहान की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस मौके पर पहुंचकर दुर्घटना की जांच और आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी है।
%20%F0%9F%94%AC%20Scien.jpg)