मड़ियाहूं। तहसील क्षेत्र के सेउर गांव में 100 केवीए का विद्युत ट्रांसफार्मर पिछले 12 दिनों से खराब पड़ा है। इसके चलते गांव के करीब 130 घरों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है। भीषण गर्मी और उमस के बीच ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बिजली आपूर्ति बाधित होने से पेयजल संकट भी गहरा गया है। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने के साथ बुजुर्गों और अन्य ग्रामीणों को दैनिक कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों अरुण दत्त, सभाजीत और मोतीलाल सहित अन्य लोगों ने बताया कि ट्रांसफार्मर खराब होने की सूचना कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ।
विद्युत उपखंड अधिकारी उपेंद्र सिंह यादव ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने कहा कि अवर अभियंता को मौके पर भेजकर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी और जल्द ही नया ट्रांसफार्मर लगाकर विद्युत आपूर्ति बहाल की जाएगी।


