शिक्षकों को वितरित किए गए प्रतीकात्मक कार्ड
जौनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में वाराणसी से आयोजित मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के शुभारंभ कार्यक्रम का बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में सजीव प्रसारण देखा गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के अभिभावकों के खातों में डीबीटी के माध्यम से प्रति छात्र 1200 रुपये की धनराशि हस्तांतरण, शिक्षकों एवं संविदा कर्मियों के लिए सामाजिक सुरक्षा कवच हेतु भारतीय स्टेट बैंक के साथ एमओयू तथा राष्ट्रीय स्तर पर चयनित स्वच्छ एवं हरित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों के सम्मान समारोह का भी प्रसारण किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी, नगर पालिका अध्यक्ष मनोरमा मौर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, डॉ. अजय सिंह और जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और पौधा भेंट कर किया गया, जबकि बेसिक शिक्षा विभाग के बच्चों ने स्वागत गीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम के दौरान बेसिक शिक्षा विभाग के 10 शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, स्पेशल एजुकेटर और रसोइयों तथा माध्यमिक शिक्षा विभाग के पांच शिक्षकों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के प्रतीकात्मक कार्ड वितरित किए गए।
राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि यह योजना प्रदेश के लगभग 12 लाख शिक्षकों एवं उनके परिवारों को पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि यह योजना केवल स्वास्थ्य सुविधा नहीं, बल्कि गुरुजनों के सम्मान और सुरक्षा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने कहा कि इस योजना से शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, विशेष शिक्षक, कस्तूरबा विद्यालयों के शिक्षक, रसोइये और उनके आश्रित गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।
जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा विद्यार्थियों के अभिभावकों के खातों में यूनिफॉर्म, जूता-मोजा, स्वेटर, स्कूल बैग और स्टेशनरी खरीदने के लिए डीबीटी के माध्यम से धनराशि भेजी गई है। उन्होंने अभिभावकों से इस राशि का उपयोग बच्चों की शिक्षा पर करने की अपील की। साथ ही उन्होंने बताया कि राज्यमंत्री के निर्देशानुसार जनपद के सभी परिषदीय विद्यालयों में प्रत्येक माह अभिभावक बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें विद्यार्थियों की प्रगति और अनुशासन पर चर्चा होगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि निपुण भारत योजना में जौनपुर प्रदेश में प्रथम स्थान पर है और भविष्य में भी बेसिक शिक्षा विभाग उत्कृष्ट कार्य करता रहेगा। कार्यक्रम का संचालन नूपुर श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर भाजपा के जिला महामंत्री पीयूष एवं स्कंद पटेल, जिला विकास अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर, जिला विद्यालय निरीक्षक, भारतीय स्टेट बैंक के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक एवं शिक्षा विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।




