जौनपुर। नगर स्थित रघुवंशी होटल में फ्रेंड्स ग्रुप ट्रस्ट एवं जारा इवेंट के संयुक्त तत्वावधान में पहली बार क्रिएटर एंड टैलेंट अवार्ड सेरेमनी-2026 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मेधावी छात्र-छात्राओं, सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभाशाली लोगों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व सांसद धनंजय सिंह, विशिष्ट अतिथि एमएलसी बृजेश सिंह 'प्रिंशु' तथा साल्वेशन हॉस्पिटल के डॉ. विवेक श्रीवास्तव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। आयोजक मिनाज शेख ने अतिथियों का स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया।
कार्यक्रम में मानवी जायसवाल, शिवानी पांडे, अश्विन पांडे, स्टेट शूटिंग चैंपियन अभिषेक अग्रहरी, जूरियत जेहरा, जिज्ञासा यादव सहित पांच दर्जन से अधिक मेधावी छात्र-छात्राओं एवं प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। शुरुआत में निर्भय मिश्रा और मोहित ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर समा बांध दिया।
मुख्य अतिथि धनंजय सिंह ने कहा कि युवा प्रतिभाएं और सोशल मीडिया क्रिएटर्स समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के मोबाइल उपयोग पर निगरानी रखने की अपील की। एमएलसी बृजेश सिंह 'प्रिंशु' ने विद्यार्थियों को अपने सपनों को साकार करने के लिए मेहनत करने का संदेश दिया, जबकि डॉ. विवेक श्रीवास्तव ने अच्छे कंटेंट के साथ स्वास्थ्य पर भी ध्यान देने की सलाह दी।
कार्यक्रम का संचालन सलमान शेख ने किया तथा अंत में आयोजक मिनाज शेख ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर समाजसेवी, शिक्षाविद, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



