रामपुर, जौनपुर। अपना दल (एस) मछलीशहर जिला इकाई द्वारा वरिष्ठ पत्रकार जय सिंह को पार्टी के पंचायत मंच का जिलाध्यक्ष मनोनीत किए जाने पर क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। नियुक्ति की घोषणा के बाद समर्थकों, शुभचिंतकों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं ने उन्हें फोन पर शुभकामनाएं दीं। वहीं रामपुर बाजार में भी बड़ी संख्या में लोगों ने मिलकर उनका स्वागत किया और नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष जय सिंह ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और मेहनत के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर तक संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं को जोड़ने तथा पार्टी की नीतियों एवं जनहितकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को सशक्त बनाने का आह्वान भी किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य सुनीता वर्मा, ललई सरोज, राकेश मिश्रा, राजेश पटेल, नितेश पाठक, चन्द्रशेखर पटेल, बचाऊ पटेल सहित अनेक पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने जय सिंह को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं तथा उनके सफल कार्यकाल की कामना की। क्षेत्रवासियों ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में पंचायत मंच का संगठन और अधिक मजबूत होगा।

