जौनपुर। पशुओं में खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) रोग की रोकथाम के लिए 45 दिवसीय निःशुल्क टीकाकरण अभियान के आठवें चरण का बुधवार को शुभारंभ किया गया। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चंद्र यादव ने हरी झंडी दिखाकर अभियान की शुरुआत की। अभियान 22 जुलाई से 8 सितंबर 2026 तक चलेगा।
अभियान के तहत जनपद के लगभग 6.32 लाख पशुओं को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 5,70,550 डोज वैक्सीन प्राप्त हुई हैं। 21 विकासखंडों के 36 पशु चिकित्सालयों के माध्यम से 43 टीकाकरण टीमें गठित की गई हैं, जो 1,740 ग्राम पंचायतों और करीब दो लाख पशुपालकों तक पहुंचेंगी।
राज्यमंत्री ने पशुपालकों से अपने पशुओं का समय पर निःशुल्क टीकाकरण कराने की अपील की। अधिकारियों ने बताया कि एफएमडी अत्यंत संक्रामक रोग है, जिससे पशुओं में बुखार, मुंह-खुर में छाले और दूध उत्पादन में कमी हो सकती है।


