शाहगंज, जौनपुर। खेतासराय नगर पंचायत में शुक्रवार शाम हुई तेज बारिश के दौरान एक पुराने मकान का जर्जर बारजा अचानक भरभराकर गिर गया। संयोगवश घटना के समय परिवार के सभी सदस्य मकान के अंदर सुरक्षित थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया और कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, नगर निवासी रजनीश गुप्ता पुत्र स्वर्गीय गुलाब चंद गुप्ता का मकान काफी पुराना और जर्जर अवस्था में था। लगातार बारिश के चलते मकान का बारजा अचानक गिर पड़ा। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया।
हालांकि इस हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन मकान को काफी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद परिवार दहशत में है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन का ध्यान नगर के अन्य जर्जर मकानों की ओर आकर्षित करते हुए समय रहते उनकी जांच और मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।


