अभियान दौरान हुई कहासुनी पथराव में हुई तब्दील
पांच नामजद व दो सौ लोगों के खिलाफ कोतवाली में पड़ी तहरीर
केराकत, जौनपुर। स्थानीय नगर पंचायत द्वारा गुरुवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया,यह अभियान जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन के निर्देश पर नायब तहसीलदार पेसारा विवेक श्रीवास्तव के नेतृत्व में शिव सब्जी पुरानी मंडी से शुरू होकर सरायबीरू चौराहा, कोतवाली चौराहा,तहसील रोड समेत पुराना चौराहा बाजार तक चला। इस दौरान सड़क किनारे लगे ठेले-खोमचे, अवैध टीन शेड, बैनर तथा अन्य अतिक्रमणों को बुलडोजर की मदद से हटाया गया।अभियान के दौरान ईओ सना सगीर, उपनिरीक्षक मोहम्मद सलीम, नगर पंचायत के कर्मचारी तथा पुलिस बल मौजूद रहा।
अचानक हुई कार्यवाही से मचा हड़कंप
विदित हो कि अचानक शुरू हुई कार्रवाई से अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप मच गया। कई दुकानदारों ने स्वयं ही अपना सामान हटाना शुरू कर दिया, जबकि नगर पंचायत की टीम ने सार्वजनिक भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटवाया।
कार्रवाई के दौरान कुछ व्यापारियों ने आरोप लगाया कि अतिक्रमण हटाने में समान रूप से कार्रवाई नहीं की गई।
कार्यवाही के दौरान हुआ पथराव,नायब तहसीलदार घायल
इसी बीच कुछ लोगों और प्रशासनिक टीम के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते पथराव में बदल गई। पथराव में नायब तहसीलदार विवेक श्रीवास्तव के सिर में चोट लग गई। उपद्रवियों ने बुलडोजर का शीशा भी तोड़ दिया तथा चालक के साथ मारपीट करने का प्रयास किया।इसी दौरान किसी ने घटना का वीडियो बना लिया जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।
नगर को अतिक्रमण मुक्त बनाने का अभियान रहेगा जारी:नपं प्रशासन
घटना के बाद ईओ सना सगीर और नायब तहसीलदार पेसारा विवेक श्रीवास्तव ने पथराव और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में संबंधित लोगों के खिलाफ कोतवाली में पांच नामजद व लगभग दो सौ लोगों के खिलाफ तहरीर देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
नगर पंचायत प्रशासन का कहना है कि नगर को अतिक्रमण मुक्त बनाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



%20%F0%9F%94%AC%20Scien.jpg)