निर्भय सक्सेना
बरेली। उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बरेली मंडल के पर्यटन विकास से जुड़े 32 प्रस्तावों पर कहा कि इन प्रस्तावों का उद्देश्य पर्यटन को बड़े शहरों से आगे बढ़ाकर स्थानीय धार्मिक स्थलों, सांस्कृतिक केंद्रों और सामुदायिक विरासत स्थलों तक पहुंचाना है। मंडलयुक्त कार्यालय स्थित सभागार में हुई समीक्षा बैठक में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2026- 2027 की कार्ययोजना में अब पर्यटन विभाग के 26 प्रस्ताव शामिल हैं। इनमें पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह की संस्तुति पर तीन नए प्रस्ताव भी जोड़े गए हैं। पर्यटन विभाग के प्रस्तावों में बरेली के 12, शाहजहांपुर के 8 तथा पीलीभीत और बदायूं के 3-3 प्रस्ताव शामिल हैं। बैठक में धार्मिक कार्य विभाग के 2 तथा संस्कृति विभाग के 3 प्रस्तावों की भी समीक्षा की गई।
पर्यटन विभाग और धार्मिक कार्य विभाग की प्रस्तावित परियोजनाओं की अनुमानित लागत 35 करोड़ रुपये से अधिक है। समीक्षा के दौरान जनप्रतिनिधियों, विधायकों और जिला प्रशासन के साथ चर्चा के अलावा प्रस्तावित स्थलों तथा निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण भी किया गया।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि पर्यटन परियोजनाएं केवल कागजों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उनका लाभ सीधे लोगों और पर्यटकों को मिलना चाहिए। परियोजनाओं के चयन में जन उपयोगिता, ऐतिहासिक एवं धार्मिक प्रमाण, भूमि की उपलब्धता और क्रियान्वयन की तैयारी को प्राथमिक आधार बनाया जाएगा।
बैठक में बरेली मंडल के लिए प्रस्तावित 'परंपरा' पर्यटन एवं संस्कृति वन- स्टॉप सेंटर विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इस परियोजना का उद्देश्य मंडल के प्रमुख पर्यटन स्थलों, धार्मिक विरासत और सांस्कृतिक परंपराओं को एक साझा पहचान देना है।
चार जिलों में फैले पर्यटन स्थलों को एकीकृत मंच उपलब्ध कराने वाली यह पहल कम प्रसिद्ध स्थलों को भी व्यापक पर्यटन परिपथ से जोड़ने में सहायक होगी। इससे बरेली मंडल की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान को नई पहचान मिलने की उम्मीद है। समीक्षा बैठक में बरेली के सीबीगंज क्षेत्र में प्रस्तावित लगभग 7 करोड़ रुपये की ईको-टूरिज्म परियोजना पर भी विस्तार से चर्चा हुई। परियोजना के तहत हरित क्षेत्र, गज़ेबो, प्राकृतिक भ्रमण पथ और पर्यावरण-अनुकूल सुविधाएं विकसित करने का प्रस्ताव है। इसका उद्देश्य प्रकृति आधारित पर्यटन को बढ़ावा देना और लोगों के लिए एक आकर्षक मनोरंजन स्थल विकसित करना है।
पर्यटन विभाग के अन्य प्रस्तावों में विभिन्न मंदिरों, आश्रमों, गुरुद्वारों और स्थानीय धार्मिक स्थलों पर बुनियादी पर्यटक सुविधाओं के विकास का प्रस्ताव है। इनमें बहुउद्देशीय भवन, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, क्यूआर कोड आधारित सूचना प्रणाली, बैठने की व्यवस्था, साइनेज और सौंदर्यीकरण जैसे कार्य शामिल हैं।
जिलेवार प्रस्तावों में पीलीभीत और बदायूं के तीन-तीन धार्मिक स्थलों को शामिल किया गया है। बरेली के 12 प्रस्तावों में बालाजी मंदिर, श्री चित्रगुप्त धाम, संजय नगर गुरुद्वारा, काली माता मंदिर और काली देवी मंदिर सहित पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह की संस्तुति पर जोड़े गए तीन नए प्रस्ताव शामिल हैं। शाहजहांपुर के आठ प्रस्तावों में सुनासिर नाथ मंदिर, बाबा विश्वनाथ मंदिर, हनुमंत धाम और परशुराम पुरी मंदिर परिसर प्रमुख हैं।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बरेली में निर्माणाधीन 'नाथ कॉरिडोर' परियोजना की प्रगति की भी समीक्षा की। अलखनाथ मंदिर, तुलसी मठ, तपेश्वर नाथ सहित अन्य प्रमुख नाथ मंदिरों में विकास कार्य जारी हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के अनुसार पूरे किए जाएं ताकि नवंबर के अंत अथवा दिसंबर 2026 के मध्य तक श्रद्धालुओं और पर्यटकों को एक समेकित आध्यात्मिक पर्यटन परिपथ उपलब्ध कराया जा सके।
धार्मिक कार्य विभाग के अंतर्गत मीरगंज स्थित शिव मंदिर तथा दातागंज के देवी स्थल के संरक्षण एवं विकास का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया। जिला प्रशासन के अनुसार मीरगंज में जन्माष्टमी और महाशिवरात्रि पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, जबकि दातागंज स्थित देवी स्थल पर प्रतिवर्ष विशाल मेले का आयोजन होता है।
संस्कृति विभाग ने शाहजहांपुर के कांट, पीलीभीत के पूरनपुर तथा बरेली के फतेहगंज पश्चिमी स्थित तीन रामलीला मैदानों के विकास एवं पुनरुद्धार का प्रस्ताव रखा। इन स्थलों को केवल वार्षिक रामलीला आयोजन तक सीमित न रखकर वर्षभर सांस्कृतिक और सामुदायिक गतिविधियों के केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है।
बैठक में संस्कृति विभाग की दो निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। पीलीभीत के ऐतिहासिक रामलीला मैदान का 72 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और इसके जुलाई में पूर्ण होने का लक्ष्य है।
बदायूं के दातागंज में 500 दर्शक क्षमता वाले ऑडिटोरियम और विशाल सार्वजनिक पुस्तकालय का निर्माण कार्य 17 प्रतिशत पूरा हो चुका है। परियोजना को दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके पूरा होने पर यह परिसर सांस्कृतिक कार्यक्रमों, अध्ययन और सामुदायिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा। मंत्री जयवीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रस्तावित स्थलों से जुड़े ऐतिहासिक और धार्मिक दावों का प्रमाणिक अभिलेखों से सत्यापन किया जाए। भूमि की स्थिति, वर्तमान उपयोग, यथार्थ लागत तथा दीर्घकालिक रखरखाव की स्पष्ट योजना तैयार होने के बाद ही परियोजनाओं को अंतिम स्वीकृति दी जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को नियमित स्थलीय निरीक्षण, निर्माण गुणवत्ता की निगरानी तथा जनप्रतिनिधियों को परियोजनाओं की प्रगति से लगातार अवगत कराने के निर्देश दिए। साथ ही नाथ कॉरिडोर सहित सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं की समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण पूर्णता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
बरेली मंडल की यह समीक्षा प्रदेश सरकार द्वारा सभी 18 मंडलों में पर्यटन, संस्कृति और धार्मिक कार्य विभाग की परियोजनाओं के व्यापक मूल्यांकन अभियान का हिस्सा है। बैठक में पशु धन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह, वन एवं पर्यावरण मंत्री डा अरुण कुमार, महापौर डा उमेश गौतम, विधान परिषद सदस्य बहोरन लाल मौर्य व कुंवर महाराज व विधायकगण तथा अधिकारियो में मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, बरेली अविनाश सिंह, पर्यटन विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

%20%F0%9F%94%AC%20Scien.jpg)

