व्यावसायिक उत्कृष्टता के लिए नई कार्ययोजना तैयार
हैदराबाद। पब्लिक रिलेशंस सोसायटी ऑफ इंडिया (पीआरएसआई) हैदराबाद चैप्टर, तेलंगाना राज्य की 55वीं वार्षिक आमसभा (एजीएम) रविवार को हैदराबाद प्रेस क्लब में "व्यावसायिक उत्कृष्टता की ओर प्रयास" विषय के साथ आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता चैप्टर के अध्यक्ष डॉ. यदागिरि कंभमपाटी ने की। अपने स्वागत भाषण में डॉ. कंभमपाटी ने वर्ष 2025-26 के दौरान चैप्टर की गतिविधियों की जानकारी देते हुए सदस्यों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि सदस्यों के सक्रिय योगदान के कारण देहरादून में आयोजित 47वें अखिल भारतीय जनसंपर्क सम्मेलन में हैदराबाद चैप्टर को 'सर्वश्रेष्ठ चैप्टर' तथा 'सर्वश्रेष्ठ सचिव' पुरस्कार प्राप्त हुए। आमसभा में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। श्रीकर रेड्डी (सीईओ, पीआर सूत्र) ने उपाध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया। डॉ. भिक्षा केथावत (प्रेक्स, आकाशवाणी) को कार्यकारिणी समिति का सदस्य बनाया गया। अंतरराष्ट्रीय इल्युजनिस्ट डॉ. सामला वेणु एम को राष्ट्रीय परिषद का नया सदस्य मनोनीत किया गया, जिससे चैप्टर में राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों की संख्या बढ़कर सात हो गई। पूर्व अध्यक्ष प्रमोद राव को सलाहकार नामित किया गया।
सदस्यता विस्तार अभियान के तहत "ईच वन ब्रिंग वन" पहल को जारी रखने का निर्णय लिया गया। साथ ही नए सदस्यता शुल्क का 50 प्रतिशत हिस्सा चैप्टर के कोष (कॉर्पस फंड) में जमा कर वित्तीय मजबूती प्रदान करने का फैसला किया गया। बैठक में हैदराबाद स्थित समाचार भवन, मसाब टैंक, प्रेस अकादमी, चैपल रोड तथा अन्य उपयुक्त स्थानों पर चैप्टर के लिए कार्यालय स्थापित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई। वर्ष 2026-27 के लिए कई नई पहल की घोषणा की गई। पीआरएसआई स्टूडेंट फोरम के तहत 13 शिक्षण संस्थानों में व्याख्यान और कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनके लिए पहले ही समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए जा चुके हैं। "पीआर फ्रॉम बोर्ड रूम टू क्लास रूम" कार्यक्रम के अंतर्गत जुड़वां शहरों के तीन विद्यालयों के साथ एमओयू किए गए हैं तथा विद्यार्थियों के साथ संवाद कार्यक्रम भी प्रारंभ हो चुके हैं। पूर्व अध्यक्ष परिषद (पास्ट चेयरपर्सन्स काउंसिल) की ओर से संस्था के पांच बार अध्यक्ष रहे दिवंगत एन.एल. नरसिम्हा राव की स्मृति में स्मारक व्याख्यान आयोजित करने का निर्णय लिया गया। परिषद के सदस्य वाई. बाबजी ने जनजागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। बैठक के दौरान वाई. बाबजी के संपादन में प्रकाशित जनवरी-जून 2026 की 'पब्लिक रिलेशंस वॉयस' का 74वां अंक चैप्टर के अध्यक्ष और सचिव ने जारी किया। सदस्यों ने चौथे तेलंगाना जनसंपर्क सम्मेलन के सफल आयोजन की भी सराहना की। चैप्टर के सचिव के. राजेश ने वर्ष 2025-26 की वार्षिक गतिविधि रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने चैप्टर की विभिन्न गतिविधियों में प्रमुख सहयोगी एवं प्रायोजक के रूप में एनएमडीसी के योगदान की विशेष सराहना की।आमसभा का समापन तेलंगाना में जनसंपर्क पेशे को क्षमता निर्माण, उद्योग जगत से बेहतर समन्वय तथा डिजिटल-प्रथम संचार व्यवस्था के माध्यम से नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के संकल्प के साथ हुआ।
.jpg)
.jpg)
%20%F0%9F%94%AC%20Scien.jpg)