नया सवेरा नेटवर्क
बरसठी, जौनपुर। भाजपा सरकार के सुशासन के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को ब्लॉक मुख्यालय सभागार में आयोजित जानकारी शिविर एवं प्रदर्शनी कार्यक्रम में नवागत खंड विकास अधिकारी जगदीश प्रसाद ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए काउंटरों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान बीडीओ ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया तथा विकास खंड परिसर का निरीक्षण कर विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है। विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए तथा जनसमस्याओं का समयबद्ध निस्तारण किया जाए। वर्षा ऋतु को देखते हुए उन्होंने एडीओ पंचायत को गांवों और बाजारों में साफ-सफाई अभियान चलाने, नालियों की सफाई कराने तथा जलभराव की समस्या से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जानकारी शिविर में कृषि विभाग, स्वास्थ्य विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग समेत विभिन्न विभागों ने अपने काउंटर लगाकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जबकि बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई रस्म संपन्न कराई। कृषि विभाग ने किसानों को आधुनिक खेती, उन्नत बीज, फसल सुरक्षा तथा विभागीय योजनाओं के संबंध में जानकारी दी। इस अवसर पर एडीओ प्रदीप कुमार, सचिव अमित सिंह, आजाद यादव, जयदीप यादव, प्रणव भारती, कृषि गोदाम प्रभारी सुभाष पाल, सुजीत गुप्ता, जयदीप यादव, अजय सिंह सहित ब्लॉक के अन्य कर्मचारी, भाजपा पदाधिकारी एवं क्षेत्रीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
| Advt |

0 टिप्पणियाँ