नया सवेरा नेटवर्क
खुटहन, जौनपुर। नगवां गांव स्थित अपने मायके में रह रही अफरोज खां ने अपने चार वर्षीय पुत्र को अपने पास दिलाने की मांग को लेकर पुलिस को प्रार्थना पत्र सौंपा है। महिला का कहना है कि उसका विवाह थाना सरपतहा क्षेत्र के छीतमपट्टी गांव निवासी सुल्तान खां के साथ हुआ था। करीब एक वर्ष पूर्व उसे मारपीट कर ससुराल से भगा दिया गया था। अफरोज खां का आरोप है कि तभी से वह अपने पिता के घर रह रही है। उसका चार वर्षीय पुत्र ससुराल पक्ष के पास रह रहा है। उसने आरोप लगाया कि पति सहित सास, ससुर, ननद और देवर उसे बेटे से मिलने और अपने साथ रखने नहीं दे रहे हैं। महिला का कहना है कि एक मां के लिए अपने मासूम बच्चे से दूर रहना बेहद पीड़ादायक है और वह अपने पुत्र की देखभाल स्वयं करना चाहती है। प्रार्थना पत्र में महिला ने पुलिस से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा उसे उसके बेटे से मिलाने की मांग की है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
![]() |
| विज्ञापन |

0 टिप्पणियाँ